तन्मय खंडूजा
महिदपुर। आगामी 9 मई को आयोजित होने वाले भगवान परशुराम जन्मोत्सव एवं जगतगुरु शंकराचार्य जयंती महोत्सव को लेकर महिदपुर-झारडा क्षेत्र में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाजजनों द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। समाज के प्रतिनिधि घर-घर पहुंचकर विप्र बंधुओं को पत्रक वितरित कर कार्यक्रम की जानकारी दे रहे हैं और ससम्मान आमंत्रित कर रहे हैं। साथ ही आयोजन के महत्व और उसकी रूपरेखा से भी अवगत कराया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
संयोजक सत्यनारायण शर्मा (पेटलावद) ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भागवत आचार्य पंडित श्याम स्वरूप मानावत उपस्थित रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में बड़नगर विधायक जितेंद्रसिंह पंड्या शामिल होंगे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में समाजसेवी गुलजारीलाल त्रिवेदी एवं उज्जैन नगर निगम की पार्षद माया राजेश त्रिवेदी सहित अन्य गणमान्यजन की उपस्थिति रहेगी।
आयोजन की तैयारियों को लेकर संयोजक सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में प्रदीप पंड्या, महेश रावल, कमलेश उपाध्याय, विकास उपाध्याय, जगदीश उपाध्याय, संजय व्यास, उमा पांडे, श्याम शर्मा, अरुण शर्मा, चंद्रशेखर पंड्या, महेश पंड्या, पंकज शर्मा, रवि शर्मा सहित अन्य समाजजन ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रूप से जनसंपर्क कर रहे हैं। समाजजनों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.
