तन्मय खंडूजा
थाना महिदपुर, जिला उज्जैन से एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
दिनांक 17 अप्रैल 2026 को एक फरियादी ने थाना महिदपुर में सूचना दी कि उसका बेटा शाम को अपनी मोटरसाइकिल लेकर निपानिया की ओर गया था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह गांव से सूचना मिली कि सेमलिया रोड स्थित पीली खाई जंगल में उसके बेटे बालाराम उर्फ बालेश्वर की लाश पड़ी है, जिसकी किसी अज्ञात व्यक्ति ने गले में धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उज्जैन श्री प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी श्री ज़ेंडेन लिंगज़ेरपा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने मर्ग क्रमांक 18/2026 धारा 194 बीएनएस के तहत जांच शुरू की। मौके का बारीकी से निरीक्षण करने पर मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी। इसी दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बद्रीलाल पिता उदाजी निवासी खामरिया थाना आलोट जिला रतलाम और गजानंद पिता नानूराम निवासी बिनपुरा थाना महिदपुर जिला उज्जैन शामिल हैं। दोनों आरोपियों को 18 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा, जिसमें थाना प्रभारी सहित साइबर सेल और थाना स्टाफ के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
