
विनोद शर्मा ✍️
सेंधवा शहर के व्यस्ततम और संवेदनशील क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्रम अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत सेंधवा शहर में भी जन सहयोग से कैमरे लगाए जा रहे हैं। शहर की देवझिरी कॉलोनी में एक रहवासी ने कॉलोनी की चार गलियों में चार कैमरे लगवाए हैं।गुरुवार को इन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
शहर थाना टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि देवझिरी कॉलोनी के रहने वाले संतोष सोलंकी ने कॉलोनी में 4 नए उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगवाए हैं। उनके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे से कॉलोनी की चारों गलियों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी। जिससे शहर की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम, महिलाओं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की मदद होगी। ऑपरेशन त्रिनेत्रम में शहर थाना पुलिस की सीसीटीवी कैमरे लगाने में मदद करने पर संतोष सोलंकी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
टीआई ने बताया कि इसके पहले अभियान में नगर पालिका और कॉटन व्यापारियों ने भी पुलिस के आग्रह पर शहर की सुरक्षा के लिए नए सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। टीआई ने बताया कि अभियान के तहत कॉटन व्यापारियों के सहयोग से बजरंग चौक पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस को बाइक चोरी के मामले में सफलता मिली है। टीआई ने शहर के सभी लोगों से आग्रह किया है कि वह भी पुलिस के इस अभियान में मदद कर शहर की सुरक्षा के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगवाने में पुलिस का सहयोग करें।