तन्मय खंडूजा ( रोमी )
महिदपुर । स्थानीय प्रशासन ने भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम पंचायत कढ़ाई में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। तहसीलदार संतुष्टि पाल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने गौशाला के लिए आरक्षित 5.3 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अतिक्रमणकारियों के चंगुल से मुक्त कराया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस बेशकीमती जमीन पर पिछले 20 से 25 वर्षों से कंचन बाई पति बापू ओर राजू बाई इन दो महिलाओं द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। बार-बार चेतावनी के बावजूद भूमि को खाली नहीं किया जा रहा था। गुरुवार को तहसीलदार संतुष्टि पाल स्वयं राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और कड़े विरोध के बीच अतिक्रमण हटवाया।
तहसीलदार संतुष्टि पाल ने बताया कि मुक्त कराई गई इस भूमि का कुल क्षेत्रफल 5.3 हेक्टेयर है, जिसकी वर्तमान बाजार दर के अनुसार अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए है। तहसीलदार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराना हमारी प्राथमिकता है। इस भूमि को मुक्त कराकर अब आधिकारिक रूप से पंचायत विभाग को सौंप दिया गया है, ताकि इसका उपयोग गौशाला और जनहित में किया जा सके। कार्रवाई के तुरंत बाद राजस्व विभाग ने भूमि का सीमांकन कर कब्जा पंचायत विभाग के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक, पटवारी और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।
